Video : लकेया तालाब में मिले प्रतिबंधित पशु के अवशेष, ग्रामीणों व हिंदू संगठनों में आक्रोश, क्षेत्र में तनाव
गुमला जिला अंतर्गत सिसई थाना क्षेत्र के लकेया गांव स्थित गौझींन तालाब में सोमवार की सुबह प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और तनाव उत्पन्न हो गया. तालाब से पशुओं के दो सिर, दो पैर, चमड़ा तथा अन्य अवशेष बरामद होने के बाद ग्रामीणों और विभिन्न हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे. पुलिस व प्रखंड प्रशासन गांव पहुंच गयी है. साथ ही तालाब से अवशेष को बरामद कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिये तालाब की ओर गये थे. इसी दौरान उनकी नजर तालाब में पड़े पशुओं के सिर और पैरों पर पड़ी. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गयी और लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, भरनो थाना प्रभारी आदित्य कुमार चौधरी तथा अंचल अधिकारी अशोक बड़ाईक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से तालाब का पानी हटाकर अवशेषों को बाहर निकाला गया. जांच के लिये कुछ नमूने सुरक्षित रखे गये, जबकि शेष अवशेषों को नदी किनारे दफना दिया गया.
दूषित हुआ तालाब, अवैध बूचड़खाने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में तालाब का उपयोग पशुओं को पानी पिलाने और अन्य दैनिक कार्यों के लिये किया जाता है. अवशेषों के सड़ने से आसपास दुर्गंध फैल गयी है तथा तालाब का पानी भी दूषित हो गया है. ग्रामीणों ने अधिकारियों को आवेदन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में आसपास कहीं अवैध बूचड़खाने संचालित होने की आशंका भी जतायी गयी है.
हिंदू संगठनों ने उठायी कार्रवाई की मांग
हिंदू जागरण मंच के संजय वर्मा तथा विश्व हिंदू परिषद के मुकेश श्रीवास्तव, रोहित शर्मा, मनीष बाबू और सौरभ ताम्रकार ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग वाले तालाब में गौवंश के अवशेष फेंके जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. संगठनों ने गौ तस्करी पर रोक लगाने, अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी ने कहा
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटनास्थल से लिये गये नमूनों की जांच करायी जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. गांव का माहौल शांतिपूर्ण है.
