गुमला

बसिया में स्कूटी-बाइक की जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

बसिया (गुमला) : बसिया थाना क्षेत्र के भागीडेरा गांव के समीप कोनबीर-पालकोट मुख्य पथ पर सोमवार शाम करीब 5 बजे स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बाइक और स्कूटी पर दो-दो लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मृतक को रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.

घायलों में टेंगरिया खिजूर टोली निवासी विनय इंदवार (पिता माघो खड़िया) की पहचान हुई है. मृतक और अन्य दो घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. घटना की सूचना मिलने पर बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस मृतक और घायलों की पहचान करने के साथ उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *