गुमला में शादी की शहनाइ से पहले गूंजी चीख, लगन से पहले दुल्हन ने की आत्महत्या
गुमला जिला अंतर्गत बिशुनपुर थाना के सियार टोली गांव में खुशियां मातम में बदल गयी. जिस घर में दो दिन बाद मड़वा की रस्म होनी थी और शादी के गीत गाये जाने थे. वहां आज कोहराम मचा है. गांव की 24 वर्षीय पूनम कुमारी ने अपने ही घर में फंदे से झूलकर जान दे दी. इस हृदयविदारक घटना ने न केवल परिजनों को तोड़कर रख दिया है, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, युवती का विवाह परसा बांसडीह निवासी देवेंद्र खेरवार से तय हो चुका था और आगामी 26 अप्रैल को लगन, 28 को मड़वा तथा 29 अप्रैल को शादी की रश्म होना तय था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका की भाभी सह सेरका मुखिया जयमंती कुमारी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि मृतका गांव के ही एक युवक के साथ लगातार फोन पर संपर्क में थी और घटना वाले दिन भी उनके बीच बातचीत हो रही थी. मुखिया के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 5.00 बजे युवती अचानक उठी और घर के समीप आंगन में लगे कटहल के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. जयमंती कुमारी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि युवती ने उक्त युवक की प्रताड़ना या उससे जुड़े किसी विवाद के कारण ही यह आत्मघाती कदम उठाया है. उन्होंने इस मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए संबंधित युवक के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.
बताया जा रहा पिछले कुछ समय से एक युवक फोन पर युवती को लगातार परेशान कर रहा था. आशंका जतायी जा रही है कि इसी मानसिक प्रताड़ना और दबाव के चलते युवती भारी तनाव में थी और अंततः उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया. घटना की सूचना मिलते ही बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है. मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वाकई किसी युवक की प्रताड़ना ने युवती को खुदकुशी के लिये उकसाया था. फिलहाल, इस घटना के बाद सियार टोली गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है.
