शादी से 5 दिन पहले दुल्हन फरार, मंडप सजता रह गया और थाने पहुंच गया मामला
जिस आंगन में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयों की गूंज सुनायी देने वाली थी. वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है. जहां रिश्तेदारों के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं. वहां अब चिंता, मायूसी और सवालों का माहौल है. शादी के लिए खरीदे गये कपड़े, बैंड-बाजा, दावत की तैयारियां और मेहमानों को दिये गये न्योते सब कुछ धरा का धरा रह गया. वजह बनी होने वाली दुल्हन, जो शादी से महज कुछ दिन पहले घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी. शादी से पहले दुल्हन के भागने का मामला सीधे सदर थाना पहुंच गया. जहां लड़का पक्ष ने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. सदर थाना क्षेत्र के डुमरडीह गांव निवासी 32 वर्षीय बिजला उरांव का विवाह सिसई प्रखंड के एक गांव की 20 वर्षीय युवती से तय हुआ था. करीब 15 दिन पहले लड़के पक्ष के लोग युवती को देखने उसके घर गये थे. दोनों की सहमति के बाद विवाह तय हुआ. युवती का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण दोनों का बैठा विवाह होना था. इसी कारण युवती को उसी दिन डुमरडीह लाकर लड़के के घर रखा गया था.
शादी की तैयारियां पूरे शबाब पर थीं. पांच जुलाई को मड़वा और छह जुलाई को चुमावन के साथ विवाह होना तय था. दुल्हन के कपड़े, गहने और अन्य जरूरी सामान खरीदे जा चुके थे. दूल्हे के परिधान भी तैयार थे. बैंड-बाजा बुक हो चुका था. भोज के लिए कुक तय कर लिया गया था और सैकड़ों मेहमानों को निमंत्रण भी भेजा जा चुका था. कई रिश्तेदार घर पहुंचने भी लगे थे. इसी बीच युवती ने कुछ जरूरी सामान खरीदने की बात कहकर घर से बाहर जाने की अनुमति ली. लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की. लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला. इसके बाद लड़के पक्ष के लोग युवती के पिता और विवाह के अगुवाओं को लेकर सदर थाना पहुंचे. उन्होंने युवती, उसके माता-पिता और अगुवाओं के खिलाफ लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और शादी की तैयारियों में हुए आर्थिक नुकसान को देखते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गयी है.
दूल्हे का परिवार सदमे में
दुल्हन के भागने के बाद दूल्हे का परिवार सदमे में है. परिजनों का कहना है कि युवती पिछले 15 दिनों से उनके घर में रह रही थी. उसने कभी भी शादी को लेकर कोई असहमति नहीं जतायी. यदि वह विवाह नहीं करना चाहती थी तो पहले ही स्पष्ट कर सकती थी. लेकिन शादी से ठीक पहले अचानक इस तरह चले जाने से परिवार को आर्थिक और सामाजिक दोनों तरह की क्षति हुई है.
12 वर्ष का अंतर था
गांव में यह चर्चा भी जोरों पर है कि दूल्हे और दुल्हन की उम्र में करीब 12 वर्ष का अंतर था और संभव है कि इसी कारण युवती ने अंतिम समय में यह कदम उठाया हो. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. युवती के घर छोड़ने की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
