गुमला

गुमला से रांची का बस किराया 30 रुपये बढ़ा, जानें अन्य रूट का किराया

गुमला जिले में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती किल्लत का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखायी देने लगा है. ईंधन संकट के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है. जिसका सीधा असर बाजार और आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है. माल ढुलाई की लागत बढ़ने से खाद्यान्न, खाद्य तेल तथा दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं के दामों में वृद्धि दर्ज की जा रही है. व्यापारियों का कहना है कि डीजल की कमी और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण सामान की आपूर्ति प्रभावित हो रही है. इसका असर खुदरा बाजार में देखने को मिल रहा है, जहां आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.

बस यात्रियों पर भी बढ़ा आर्थिक बोझ

इधर, बढ़ती परिचालन लागत को देखते हुए बस संचालकों ने भी किराये में बढ़ोतरी कर दी है. बस ओनर एसोसिएशन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार डीजल, टायर, लुब्रिकेंट, यूरिया, मैकेनिक शुल्क, मोटर पार्ट्स, बस बॉडी और बीमा समेत अन्य खर्चों में वृद्धि के कारण छह मई से संशोधित बस किराया लागू कर दिया गया है. नये किराये के अनुसार गुमला-रांची का किराया 150 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये, गुमला-सिसई और गुमला-घाघरा का किराया 50 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये, गुमला-लोहरदगा का किराया 80 से 90 रुपये तथा गुमला-सिमडेगा का किराया 120 से बढ़ाकर 140 रुपये कर दिया गया है. वहीं गुमला-राउरकेला का किराया 250 से बढ़ाकर 290 रुपये और गुमला-डालटेनगंज का किराया 300 से बढ़ाकर 350 रुपये कर दिया गया है.

महंगाई की दोहरी मार से लोग परेशान

दीपू ठाकुर ने कहा है कि बस किराया बढ़ने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ गयी है. दूसरी ओर, बाजार में बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो परिवहन लागत और बढ़ेगी, जिससे महंगाई का असर और गहरा हो सकता है.

गुमला से विभिन्न रूटों के लिए संशोधित बस किराया

क्रम संख्यारूटकिराया (रुपये में)
1गुमला – रांची180
2गुमला – जैरागी140
3गुमला – महुआडाड़180
4गुमला – सिमडेगा140
5गुमला – पोकला115
6गुमला – खूंटी160
7गुमला – राउरकेला290
8गुमला – डाल्टेनगंज350
9गुमला – जशपुर120
10गुमला – सिसई60
11गुमला – भरनो92
12गुमला – बेड़ो120
13गुमला – नेतरहाट140
14गुमला – डुमरी120
15गुमला – जारी105
16गुमला – बसिया90
17गुमला – चंदवा172

नोट: उपरोक्त तालिका में गुमला से विभिन्न गंतव्यों तक के बढ़े हुए बस किराये को दर्शाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *