चैनपुर छात्रा मौत: एंबुलेंस एजेंसी की लापरवाही पर FIR, गैर-इरादतन हत्या का आरोप
गुमला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर में समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण नौवीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी की मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर 108 एंबुलेंस का संचालन करने वाली संस्था सम्मान प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ चैनपुर थाना में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
घटना ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ दीपशिखा किंडो ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर संस्था के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि जब एंबुलेंस सेवा सुचारु स्थिति में नहीं थी. तब संस्था ने सेवा संचालन की जिम्मेदारी क्यों ली. यदि समय रहते असमर्थता जतायी जाती तो छात्रा को गुमला सदर अस्पताल भेजने के लिये वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती थी. यहां बता दें कि एंबुलेंस चालक ने एंबुलेंस खराब होने की सूचना सम्मान एजेंसी को दे दी थी. लेकिन दूसरी गाड़ी उपलब्ध नहीं करायी गयी.
चालक काफी देर तक खराब एंबुलेंस को चालू करने का प्रयास करता रहा. आखिरकार परिजन छात्रा को पिकअप वाहन से गुमला सदर अस्पताल के लिये लेकर निकले, लेकिन रास्ते में रिम्स रेफर किये जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी. चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के आवेदन पर शुक्रवार की शाम संस्था के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
