कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर युवक से ठगी, कॉलेज पहुंचने पर खुली साइबर फ्रॉड की पोल
गुमला में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को निशाना बनाकर साइबर ठग लगातार नये तरीके अपना रहे हैं. ताजा मामला गुमला शहर की है. जहां कार्तिक उरांव महाविद्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर बहाली कराने का झांसा देकर एक युवक से 3100 रुपये की ठगी कर ली गयी. पीड़ित युवक गोकुल नगर निवासी कौशल सिंह ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को कार्तिक उरांव महाविद्यालय का कर्मचारी बताते हुए कहा कि कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए भर्ती निकली है. उसने आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर 3100 रुपये ऑनलाइन जमा करने को कहा.
नौकरी मिलने की उम्मीद में कौशल सिंह ने बताये गये खाते में राशि भेज दी. पैसे जमा होने के कुछ देर बाद ठग ने फिर संपर्क कर अतिरिक्त राशि की मांग की और कहा कि 30 मई आवेदन की अंतिम तिथि है. लगातार पैसे मांगने पर युवक को संदेह हुआ. जब उसने भर्ती प्रक्रिया और नियुक्ति को लेकर सवाल पूछे तो आरोपी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा और फोन काट दिया. ठगी की आशंका होने पर शनिवार सुबह कौशल सिंह सीधे कार्तिक उरांव महाविद्यालय पहुंचा.
वहां कॉलेज प्रबंधन से जानकारी लेने पर पता चला कि संस्थान में किसी भी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया नहीं चल रही है और न ही कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए कोई वैकेंसी निकाली गयी है. इसके बाद युवक को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है. मामले को लेकर कौशल सिंह ने गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
