गुमला

उपायुक्त ने कहा- भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाये

भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन सहित अन्य अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय योगदान, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण किया. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया था.

उनका जीवन समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत है. उपायुक्त ने अधिकारियों एवं नागरिकों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने एवं समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की. वहीं कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया. माल्यार्पण कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त ने बिरसा एग्रो पार्क का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. साथ ही पार्क के समुचित विकास एवं बेहतर संचालन हेतु आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. उपायुक्त ने पार्क को आगंतुकों के लिए अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाये रखने पर विशेष बल दिया. मौके पर अपर समाहर्ता राजीव नीरज, डीसीएलआर राजीव कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी कुसुम लता, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सहायक जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *