सिलम चौक का नाम शिबू सोरेन चौक करने की मांग
गुमला जिले में आदिवासी समाज के महान नेता एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी व्यक्तित्व रहे शिबू सोरेन के सम्मान में सिलम चौक का नामकरण उनके नाम पर किये जाने की मांग उठी है. इस संबंध में उपायुक्त गुमला को एक ज्ञापन सौंपा गया है. ज्ञापन में कहा गया है कि गुमला जिले में आदिवासी समाज के कई महान नेताओं के ऐतिहासिक योगदान को आज तक उचित सम्मान नहीं मिल पाया है. सिलम चौक, जो रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग के मिलन स्थल पर स्थित एक महत्वपूर्ण चौक है. उसका नाम झारखंड आंदोलन के महानायक एवं दिशोम गुरु के रूप में सम्मानित शिबू सोरेन के नाम पर शिबू सोरेन चौक रखा जाना जनभावनाओं के अनुरूप होगा.
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य गठन, आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान, अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिये महत्वपूर्ण संघर्ष किया था. उनका योगदान केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वे पूरे देश में आदिवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय के प्रतीक माने जाते हैं. मांगकर्ताओं ने कहा कि सिलम चौक का नामकरण शिबू सोरेन के नाम पर करने से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी. मौके पर नेल्सन भगत, सुबोध उरांव, सोमनाथ उरांव, रोशन साहू, रामचंद्र उरांव व सोनू साहू मौजूद थे.
