पालकोट : पत्नी से विवाद, पति ने खाया जहर, मौत
गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के अलंकेरा निवासी 47 वर्षीय गंदूरा उरांव की जहर सेवन करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी से नाराज होकर गंदूरा उरांव ने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया. रविवार सुबह करीब छह बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे तत्काल पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां से बेहतर इलाज के लिये उसे रिम्स भेज दिया गया, लेकिन परिजन उसे साहू नर्सिंग होम ले गये, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी. सोमवार को पुलिस ने फर्द बयान दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया. मृतक के भाई सोहरेई उरांव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद गंदूरा उरांव ने गुस्से में जहर खा लिया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
