Video: पालकोट रोड पर बुक डिपो में आग का तांडव, लाखों की किताबें स्वाहा
गुमला के पालकोट रोड स्थित स्टेट बैंक के बगल में मौजूद विद्यासागर बुक डिपो में रविवार तड़के करीब सुबह 5 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखी करीब 9 लाख रुपये मूल्य की पुस्तकें जलकर राख हो गईं. घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अग्निशमन विभाग की टीम काफी देर से मौके पर पहुंची, जिसके कारण आग पर काबू पाने में काफी विलंब हुआ और नुकसान बढ़ गया. यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो लाखों रुपये की किताबों को बचाया जा सकता था. घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों में अग्निशमन विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी देखी गई. लोगों ने समय पर राहत नहीं मिलने पर रोष जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की.
दुकान की संचालिका प्रियंका कुमारी गुप्ता ने बताया कि रविवार तड़के अचानक शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई. उस समय परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे. आग तेजी से फैलने लगी तो सभी किसी तरह अपनी जान बचाकर छत पर चले गए. इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी कि पालकोट रोड स्थित पुस्तक दुकान में आग लगी है.
प्रियंका का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची. उन्होंने बताया कि भ्रम की वजह से अग्निशमन की टीम पालकोट रोड की जगह पालकोट पहुंच गई. इसी कारण मौके पर पहुंचने में काफी देर हो गई. जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी और लाखों रुपये की पुस्तकें जलकर राख हो गईं.
