खेल

फुटबॉल की धरती गुमला पहुंची डूरंड कप की चमचमाती ट्रॉफी, जश्न में डूबा शहर

एशिया के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण की ट्रॉफी सोमवार को फुटबॉल प्रतिभाओं की धरती कहे जाने वाले गुमला पहुंची. इस अवसर पर परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में ट्रॉफी का पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया. ट्रॉफी के गुमला आगमन को लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह रहा. कार्यक्रम के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा एवं जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर ने संयुक्त रूप से डूरंड कप ट्रॉफी रैली को हरी झंडी दिखाकर शहर भ्रमण के लिए रवाना किया.

रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने ट्रॉफी का स्वागत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. झारखंड को पहली बार डूरंड कप की मेजबानी का अवसर मिला है. आगामी 26 जुलाई से 10 अगस्त तक रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाली डूरंड कप के टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जायेंगे. झारखंड को पहली मेजबानी के मौके पर ही गुमला जैसे फुटबॉल परंपरा वाले जिले में ट्रॉफी का आगमन जिले के खेल जगत के लिए विशेष महत्व रखता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *