गुमला

सिंदूर से पहले सौदा : दो लाख दहेज नहीं मिला तो मंडप छोड़ बारातियों संग भागा दूल्हा

Gumla : गुमला में दो लाख रुपये दहेज नहीं मिला तो दूल्हा मंडप छोड़कर बारातियों संग भाग गया और शादी की तैयारी धरी की धरी रह गयी. शहर में गुरुवार की रात एक ऐसी घटना सामने आयी. जिसने न सिर्फ एक परिवार को झकझोर दिया. बल्कि समाज के सामने दहेज प्रथा का घिनौना चेहरा भी उजागर कर दिया. शादी के पूरे रीति-रिवाज निभाने के बाद, ठीक सिंदूरदान से पहले दूल्हे ने दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी. मांग पूरी नहीं होते देख वह अपने परिजनों और बारातियों के साथ दुल्हन को मंडप में ही छोड़कर फरार हो गया.

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, विवाह तय होने के समय लड़के वालों ने पांच लाख रुपये की मांग की थी. जिस पर बातचीत के बाद तीन लाख रुपये पर सहमति बनी थी. तय तिथि पर बारात पहुंची, पूरे सम्मान के साथ स्वागत हुआ और सभी रस्में विधिवत पूरी की गयी. माहौल खुशियों से भरा था. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी. जैसे ही सबसे अहम रस्म सिंदूरदान का वक्त आया. दूल्हे ने अचानक दो लाख रुपये और देने की जिद पकड़ ली. लड़की के पिता ने हालात को संभालने की कोशिश करते हुए पैसे देने का वादा भी किया. लेकिन लड़के पक्ष ने तुरंत नकद राशि के साथ ही दुल्हन को विदा करने की शर्त रख दी.

बेटी के सामने पिता की बेबसी और दूल्हे के लालच का यह दृश्य इतना दर्दनाक था कि वह खुद को संभाल नहीं सकी और बेहोश होकर गिर पड़ी. परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये. इसी बीच, मौका पाकर दूल्हा और बाराती चुपचाप मंडप से भाग निकले. जब परिजन अस्पताल से लौटे, तो वहां न बारात थी, न दूल्हा. सिर्फ बिखरे हुए अरमान और सन्नाटा छाया हुआ था. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को सदर थाना पहुंचकर दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *