गुमलाधरोहर

गुमला के आम्रपाली आम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

गुमला के आम्रपाली आम को अंतर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. गुमला के आम्रपाली आम को संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) निर्यात किया जा रहा है. पहले चरण में एक मीट्रिक टन आम्रपाली आम दुबई निर्यात किया गया है. जिला प्रशासन एवं पलाश झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) गुमला के संयुक्त तत्वावधान में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वैधानिक निकाय एपीडा के सहयोग से जिले के कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) द्वारा उत्पादित उच्च गुणवत्ता के आम्रपाली आम के संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में निर्यात का शुभारंभ किया गया.

मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उपविकास आयुक्त अनिमेष रंजन एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता राजीव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर आम की खेप को रवाना किया. निर्यात की इस पहल में जिले के दो कृषक उत्पादक संगठन गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं एमवीएम बघिमा पालकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इन दोनों एफपीओ द्वारा उत्पादित आम्रपाली आम का निर्यात फेयर एक्सपोर्ट (इंडिया) प्रा. लि. के माध्यम से दुबई, संयुक्त अरब अमीरात के लिए किया गया.

मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने दोनों प्रोड्यूसर कंपनियों से जुड़ी जनजातीय महिला कृषकों द्वारा मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना जिले के किसानों की आय वृद्धि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने किसानों एवं एफपीओ को एपीडा की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं निर्यात की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया.

बतातें चले कि गुमला एफपीओ द्वारा प्रसिद्ध रिटेल फ्रेंचाइजी अपना मार्ट के साथ आम्रपाली आम की बिक्री हेतु एकरारनामा किये जाने के पश्चात अब इस उत्पाद का अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यह पहल स्थानीय कृषकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने एवं कृषि आधारित आजीविका को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. मौके पर एपीडा की सहायक महाप्रबंधक अंजलि नेहा लकड़ा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेंद्र जारिका, जेएसएलपीएस के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं संबंधित एफपीओ के प्रतिनिधि व सदस्य उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *