साहब ए साहेब! गुमला की बदहाल सड़कें पूछ रही हैं- आखिर कब होगी मरम्मत?
जैसा कि तस्वीरों में देख रहे हैं, सड़कें बदहाल है. क्षतिग्रस्त और गड्ढों से भरी ये सड़के गुमला शहर की प्रमुख सड़के हैं. अभी बरसात का मौसम है. हालांकि, संबंधित विभाग को साफ निर्देश था कि बरसात के पूर्व नाली-सड़क, साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो. लेकिन, मानसून आने के बाद एक माह होने को है. शहरवासी और शहर से होकर गुजरने वाले लोग आज भी खराब सड़कों से गुजरने को विवश हैं. गुमला शहर का डीएसपी रोड शहर का एक प्रमुख रोड है. यह सड़क पालकोट रोड (साहू पेट्रोल पंप के समीप) से सीधे छत्तीसगढ़ राज्य जाने वाली मुख्य सड़क जशपुर रोड में परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम तक पहुंचा देती है. लेकिन बीच में यह सड़क काफी बदतर स्थिति में है. सड़क पर अनेकों छोटे-बड़े गड्ढे हैं. कई जगहों पर तो गड्ढे इतने बड़े हैं, जहां मिनी तालाब जैसा नजारा है.
इससे भी बदतर स्थिति में शहर की एक और प्रमुख रोड साप्ताहिक बाजारटांड़ रोड है. खाद-बीज गली से बाजारटांड़ होते हुए आगे कुरैशी मोहल्ला, भुईयां मोहल्ला, आंबेडकर नगर ऊपर बस्ती और नीचे बस्ती, आजाद बस्ती, खड़ियापाड़ा ऊपर बस्ती व और नीचे बस्ती, हुसैन नगर सहित कई छोटे-बड़े मोहल्ले हैं. लाखों की आबादी वाले इस क्षेत्र के मुख्य सड़क कीचड़ (बाजारटांड़ में मुर्गी दुकान के समीप से आगे चौराहा तक) से भरा हुआ है. जहां तक सड़क पर कीचड़ है, वहां भी कभी सैकड़ों दुकानें लगती थी. जशपुर रोड में बंगाली क्लब के समीप से बड़ाईक मोहल्ला घुसने वाली सड़क पर भी आगे मंदिर के समीप गड्ढे के कारण सड़क पर जलजमाव है. गड्ढों पर बरसाती पानी जमा हो जाने के कारण ऐसी जगहों पर दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है. कई वाहन चालक विशेषकर मोटरसाइकिल, साइकिल, टेंपों, टुकटुक के चालक पानी जमा होने से गड्ढे की गहराई का अनुमान नहीं लगा पाने के कारण दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं. टुकटुक के लिए तो ये सड़कें और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है.
इन प्रमुख सड़कों के साथ ही शहर के कई मोहल्लों की मुख्य सड़क व गलियां बदहाल स्थिति में है. कहीं सड़क पर गड्ढे हैं तो कहीं आधी सड़क पर कचरा पसरा हुआ है. अनेकों जगहों पर नालियों की स्थिति भी काफी खराब है. बरसात के इस मौसम में शहर की कई सड़कों पर साफ-सफाई का भी अभाव है. सड़क किनारे पड़े-पड़े बजबजा रहे हैं. शहर के चारों मुख्य पथों में कई जगहों पर नाली की सफाई का अभाव है. नाली भरा होने के कारण बरसाती पानी नाली से निकलकर सड़क पर बहने लगती है. इससे सबसे ज्यादा परेशानी उनलोगों को होती है, जिनके दुकान या घर सड़क के किनारे है. गंदा पानी बह जाने के बाद परिसर में नाली का गंदगी रह जाता है. जिससे बीमारी फैलने का भी भय है.
