गुमला

मां दुर्गा की भक्ति में डूबा गुमला, पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, CCTV से चप्पे-चप्पे पर नजर

गुमला जिले के सभी 12 प्रखंड मां दुर्गा के उत्सव में डूबे हैं. चारों ओर उत्साह और उमंग का माहौल है. मां दुर्गा के भक्ति गीतों से पूरा गुमला गूंज रहा है. शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की आराधना के लिए पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. रविवार को महाअष्टमी की पूजा के दौरान विभिन्न पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. महिलाओं ने उपवास रखकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. महाअष्टमी के अवसर पर शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों से भी हजारों श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए. अगले दो दिनों तक मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जायेगी.

जिले में 80 से अधिक स्थानों पर दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से महाअष्टमी पर भंडारे का आयोजन किया गया. मां दुर्गा की आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया. पूजा पंडालों में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. श्रद्धालु कहीं हाथ जोड़कर मां को नमन करते नजर आये, तो कहीं अपलक मां की प्रतिमा निहारते रहे. आकर्षक पंडालों के साथ आसपास की गयी विद्युत सज्जा भी श्रद्धालुओं का मन मोह रही है. पूजा पंडालों के बाहर मेले जैसा नजारा है. कहीं खिलौनों की दुकानें सजी हैं, तो कहीं मिठाई और गुपचुप की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है.

इन स्थानों पर होगा रावण दहन : गुमला शहर के परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में शाम 6.30 बजे रावण दहन किया जायेगा. यहां 30 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है. अरमई डुमरडीह और करौंदी में भी शाम 6.30 बजे रावण दहन होगा. डुमरडीह में पूर्वी क्षेत्र के करीब 20 से 25 हजार लोगों की भीड़ उमड़ती है. यहां मेले जैसा नजारा रहता है. मुरकुंडा गांव के हाई स्कूल मैदान में शाम छह बजे रावण दहन होगा. टोटो में भी रावण दहन होगा. बसिया प्रखंड में धर्मशाला के समीप मैदान में शाम छह बजे रावण दहन होगा. इस दौरान मेला भी लगेगा. चैनपुर प्रखंड में मंदिर परिसर के समीप रात 7.30 बजे रावण दहन किया जायेगा. यहां भी मेले जैसा माहौल रहता है. रायडीह प्रखंड के मांझाटोली शंख मोड़ के समीप रावण दहन होगा. छत्तीसगढ़ राज्य नजदीक होने के कारण यहां झारखंड और छत्तीसगढ़, दोनों राज्यों से काफी संख्या में लोग जुटते हैं.

सीसीटीवी कैमरों से शहर पर रखी जा रही नजर : दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर गुमला शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, जिनके माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. पूजा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन सतर्क है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी डीसी, एसपी और एसडीओ कर रहे हैं.

पूजा को लेकर प्रशासन की तैयारियां : पुलिस की पीसीआर व बाइक गश्ती टीमें सड़कों पर लगातार गश्त कर रही हैं. शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है. जिले के सभी पूजा पंडाल के आसपास पुलिस की कड़ी निगरानी की गयी है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम तैयार है. व्हाट्सऐप ग्रुपों में भड़काऊ और तनाव पैदा करने वाले संदेशों पर नजर रखी जा रही है. रात में होने वाले डांस कार्यक्रमों में अश्लील गीतों और नृत्य पर रोक लगायी गयी है. वहीं, गुमला जिले के सभी प्रखंडों में जुलूस निर्धारित मार्गों के अनुसार निकाले जायेंगे.

लोगों से प्रशासन की अपील : प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते तनाव की स्थिति को रोका जा सके. असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी भी पुलिस को देने की अपील की गयी है. कहीं, महिलाओं या युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटना होने पर लोग उसे रोकने की पहल करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें.

किसी भी सूचना के लिए यहां करें संपर्क

एसपी, गुमला : 9431706376

गुमला एसडीपीओ : 9431706202

बसिया एसडीपीओ : 9471182118

चैनपुर एसडीपीओ : 9431103773

गुमला थाना प्रभारी : 9431706206

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *