पीसीसी सड़क का काम शुरू नहीं होने पर भड़के ग्रामीण, हिंडालको-प्रशासन के खिलाफ फिर आंदोलन की चेतावनी
गुमला के घाघरा में खनन प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों के आंदोलन के बाद घाघरा प्रखंड कार्यालय में एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ और थानेदार के साथ हुई वार्ता में मिले आश्वासन के बाद आंदोलन एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया था. रविवार को एक सप्ताह पूरा होने पर करीब 14 गांवों के ग्रामीणों ने नवाटोली बगीचा में बैठक कर आगे की रणनीति तय की. ग्रामीणों ने कहा कि वार्ता में हिंडालको की ओर से गांवों में अत्यधिक गड्ढे वाले स्थानों पर पीसीसी सड़क बनाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है और पूर्व की तरह मिट्टी-मोरम गिराया जा रहा है. ग्रामीणों ने मिट्टी-मोरम डालने का काम रोकते हुए कहा कि जब पीसीसी सड़क बनाने की बात हुई है तो फिर मिट्टी-मोरम डालने का काम क्यों किया जा रहा है.
आंदोलनकारी सूरज नायक ने कहा कि वार्ता के बाद हिंडालको पीछे हट रही है, जिसे लेकर आंदोलन फिर से तेज किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सोमवार को उपायुक्त से मिलकर प्रशासन और हिंडालको द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी जाएगी और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए तीन दिन का समय दिया जाएगा. यदि रिपोर्ट से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए तो दोबारा जोरदार आंदोलन किया जाएगा.
