गुमला

कामडारा के बुरुहातु में हाथियों का उत्पात, वन विभाग ने ग्रामीणों को दिया मुआवजे का भरोसा; सुरक्षा के लिए बांटे टॉर्च और पटाखे 

कामडारा (गुमला): कामडारा प्रखंड के बुरुहातु गांव में हाथियों के उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों के साथ वन विभाग की ओर से ग्रामसभा की गई. इसमें वन विभाग के वनपाल शेखर सिंह ने ग्रामीणों को नुकसान के मुआवजे की प्रक्रिया की जानकारी दी और पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया.

वनपाल ने मुआवजे के लिए पीड़ित ग्रामीणों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर विभाग में आवेदन जमा करने को कहा. वहीं, हाथियों से बचाव के लिए ग्रामीणों के बीच टॉर्च और पटाखे भी उपलब्ध कराए गए. उन्होंने ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने तथा सतर्कता बरतने की सलाह दी.

वनपाल शेखर सिंह ने बताया कि हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग के कर्मी 24 घंटे निगरानी करेंगे. उन्होंने बताया कि झुंड में शामिल हाथी का एक बच्चा फिलहाल थोड़ा घायल है. उसके ठीक होने के बाद झुंड की आगे की गतिविधियों में बदलाव की संभावना है. वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से सारंडा जंगल की ओर भेजने के प्रयास में जुटी है.

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के आसपास जाने, उन्हें छेड़ने या उनके झुंड के रास्ते में आने से बचें. हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *