पालकोट ज्वेलरी लूटकांड : पुलिस की क्यूआरटी टीम की छापेमारी, चार संदिग्ध हिरासत में
पालकोट में मंगलवार की शाम हुई लूट की वारदात के बाद गुमला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गयी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने देर रात तक पालकोट, टैसेरा और गुमला शहर सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधी बाहरी नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र के ही स्थानीय बदमाश हैं. इसी आधार पर पुलिस स्थानीय नेटवर्क और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाल रही है. हिरासत में लिए गये लोगों से पूछताछ के बाद कई अहम सुराग मिलने की संभावना जतायी जा रही है. जांच टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, जब्त की गयी स्कूटी, फायरिंग के खोखे तथा अन्य तकनीकी तथ्यों को भी खंगाल रही है. पुलिस का मानना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
सूत्रों के मुताबिक टैसेरा क्षेत्र से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. जबकि कुछ संदिग्धों को गुमला शहर से पूछताछ के लिए लाया गया है. हिरासत में लिए गये संदिग्धों को पीड़ित के सामने परेड कराकर पहचानी की कोशिश की जा रही है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे लूटकांड का खुलासा करते हुए घटना में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की विशेष टीम लगातार नजर बनाये हुए है.
पालकोट ज्वेलरी लूटकांड की जांच तेज
पालकोट बस पड़ाव के समीप माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी से करीब लाखों रुपये मूल्य के जेवरात की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. बुधवार को पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज एवं एसआइ रामचंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की. वहीं पालकोट थाना परिसर में बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी, बसिया सर्किल पुलिस निरीक्षक गुलशन भेंगरा, बसिया थाना प्रभारी, पालकोट थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने मामले की समीक्षा कर जांच की प्रगति पर चर्चा की. बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवशंकर मरांडी ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि लूटकांड में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर पूरे मामले का खुलासा कर लिया जायेगा.
