गुमला में पिता पर बेटे की हत्या का आरोप, सीढ़ी से गिरने की बताई मौत की वजह; पुलिस जांच में जुटी
गुमला: पालकोट थाना क्षेत्र के पोजेंगा गांव में आपसी विवाद के दौरान पिता पर अपने 38 वर्षीय बेटे कुलदीप यादव की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है. घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है. घटना के बाद शुक्रवार सुबह पिता हरि यादव पालकोट थाना पहुंचा और पुलिस को बेटे की मौत सीढ़ी से गिरने के कारण होने की जानकारी दी. सूचना मिलने पर एएसआई राघव पूर्ति सशस्त्र बलों के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुलदीप यादव अपने परिवार के साथ रांची में रहकर काम करता था. वह कुछ दिन पहले ही पर्व मनाने के लिए गांव लौटा था. घटना के समय घर में पिता और बेटा मौजूद थे. दोनों के नशे की हालत में होने और उनके बीच विवाद होने की बात सामने आई है. आरोप है कि इसी दौरान पिता ने बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है. पिता से पूछताछ की जा रही है. पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद चलेगा.
