गुमला के सेंट पैट्रिक स्कूल में 1000 मॉडल की प्रदर्शनी, डीसी दिलेश्वर महतो ने बच्चों की सोच को सराहा
संत पात्रिक स्कूल गुमला में दो दिवसीय साइंस, आर्ट एंड क्राफ्ट एग्जीबिशन का भव्य आयोजन किया गया. प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो द्वारा विधिवत रूप से किया. प्रदर्शनी में स्कूल के बच्चों द्वारा साइंस, आर्ट और क्राफ्ट से जुड़े लगभग एक हजार मॉडल प्रदर्शित किये गये. जिसे देखने बड़ी संख्या में अभिभावक और स्कूली बच्चे पहुंचे. दोनों तरफ लगी टेबलों पर बच्चे अपने मॉडल के पास बैठकर आगंतुकों को मॉडल के बारे में विस्तार से समझा रहे थे. लोगों ने बच्चों द्वारा प्रदर्शित मॉडलों की भूरि-भूरि प्रशंसा की. मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि यह साइंस, आर्ट और क्राफ्ट प्रदर्शनी बच्चों को अपने थ्योरीटिकल क्लास के बाद प्रैक्टिकल के रूप में और अपने जीवन में आगे कैसे अपनी इनोवेटिव सोच को आगे बढ़ाने के लिए काफी फायदेमंद है.
उन्होंने आगे कहा कि यह विद्यालय इस जिले के लिए एक तरह से उत्कृष्ट विद्यालय की श्रेणी में है. मुझे पूरा विश्वास है कि बच्चे अपनी सोच को विकसित करने में कामयाब होंगे. इस विद्यालय के प्रिंसिपल के नेतृत्व में विद्यालय हर क्षेत्र में काफी अच्छा कर रहा है और बच्चों का उज्जवल भविष्य बनाने में काफी मददगार साबित हो रहा है. उपायुक्त ने कहा कि जो बच्चे आज कार्डबोर्ड या अन्य उपकरणों के माध्यम से ये साइंस मॉडल अपने हाथों से बना रहे हैं, आगे जाकर इनकी यही सोच इन्हें बड़ा वैज्ञानिक बना सकती है. पढ़ाई के साथ-साथ हो रही हर एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज इनके भविष्य के लिए मददगार होगी.
वहीं एग्जीविशन में साइंस सेक्शन में वाटर साइकिल, ज्वालामुखी, प्रकृति के मनोरम दृश्य, हाइड्रोलिक जेसीबी, क्रेन, हाइड्रोलिक लिफ्ट, जेसीबी एक्सकेवेटर, स्मार्ट सिटी, रोड ट्रांसपोर्ट, सड़क, घर, ट्रैफिक लाइट, पवन चक्की, इलेक्ट्रिक सर्किट मॉडल, स्विच से बने इलेक्ट्रिकल सर्किट, टेबल लैंप, डैम और जल संरक्षण, पानी रोकने वाला बांध, रेन वाटर हार्वेस्टिंग. टॉय कार, विंड मिल, लकड़ी और कार्डबोर्ड से बनी छोटी गाड़ियां, आर्ट एंड क्राफ्ट सेक्शन में पेपर फ्लावर, गुलदस्ते, बास्केट व सजावटी सामान, हाउस मॉडल, पेंटिंग व ड्राइंग समेत अनेकों तरह के मॉडलों को प्रदर्शनी में लगायी गयी है. मौके पर गुमला धर्मप्रांत के बिशप लीनुस पिंगल एक्का, स्कूल के प्राचार्य फादर नाबोर मिंज, फादर रंजीत समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
