गुमला के शिक्षक रजनीकांत मिश्र को राज्य स्तरीय सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला पुरस्कार
गुमला के घाटों बगीचा निवासी एवं उच्च विद्यालय टोटो के शिक्षक रजनीकांत मिश्र को शिक्षा के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT), रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.
श्री मिश्र लंबे समय से शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षणिक शोध और मॉड्यूल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. वर्तमान में वे राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रांची में कई महत्वपूर्ण प्रभागों के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इनमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) प्रभाग, विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा प्रभाग शामिल हैं.
शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने और इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान दिया गया. उनके सम्मानित होने पर गुमला जिले के शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी.
