गुमला

सिल्वर जुबली के जश्न के साथ इनर व्हील क्लब का पदग्रहण समारोह संपन्न

इनर व्हील क्लब के तत्वावधान में रोटरी भवन, गुमला में क्लब का 25वां सिल्वर जुबली पदग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत इनर व्हील प्रार्थना से हुई. सिल्वर जुबली के अवसर पर प्रेम, शांति और भाईचारे के प्रतीक स्वरूप 25 दीप प्रज्ज्वलित किये गये तथा जुबली केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां मनायी गयी. इस दौरान बच्चों ने वेलकम डांस, झारखंडी नृत्य एवं सोलो डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया. कार्यक्रम में अध्यक्ष ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव एवं खजांची ने वर्षभर के आय-व्यय और क्लब की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.

इसके बाद पदग्रहण समारोह में राजकुमारी विश्वकर्मा ने अध्यक्ष, फ्लोरा मिंज ने उपाध्यक्ष, मिली कुमारी ने सचिव, पार्वती जायसवाल ने खजांची, पूजा कुमारी ने आईएसओ तथा अनिता गुप्ता ने एडिटर का पदभार ग्रहण किया. सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. निवर्तमान अध्यक्ष निर्मला अग्रवाल ने नयी अध्यक्ष राजकुमारी विश्वकर्मा को कॉलर पहनाकर डिस्ट्रिक्ट-325 का चार्टर सौंपा.

अपने संबोधन में अध्यक्ष राजकुमारी विश्वकर्मा ने कहा कि क्लब की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाते हुए सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और गति दी जायेगी. उन्होंने सभी सदस्यों से टीम भावना के साथ समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. धन्यवाद ज्ञापन उषा गुप्ता द्वारा किया गया. जबकि मंच का संचालन फ्लोरा मिंज ने किया. मौके पर निर्मला अग्रवाल, राजकुमारी विश्वकर्मा, पूनम देवी, पार्वती देवी, मिली कुमारी, पूजा, फूलमनी, कुसुम साय, किरण, संध्या, अनीता, संगीता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *