गुमला सदर अस्पताल में बढ़ीं मोबाइल चोरी की घटनाएं
सदर अस्पताल गुमला में लगातार मोबाइल लूट और चोरी की घटनाओं से मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल कर्मियों में चिंता बढ़ गयी है. हाल के दिनों में अस्पताल कैंपस और वार्डों से मोबाइल चोरी की कई घटनाएं सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर बिना किसी काम के कई लोग अस्पताल परिसर और वार्डों में घूमते नजर आते हैं. इनमें से कई ऐसे होते हैं जिनका अस्पताल में भर्ती किसी मरीज से कोई संबंध नहीं रहता और न ही उनका वहां कोई काम होता है.
लोगों का आरोप है कि ऐसे ही असामाजिक और शरारती तत्व चोरी और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. बताया गया कि कई बार मरीजों के परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कुछ लोगों को पकड़कर अस्पताल परिसर से बाहर भी किया है. इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है. स्थानीय नागरिकों ने अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग किया है कि सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाये. अस्पताल परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों की जांच हो तथा संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगायी जाये. लोगों ने वार्डों और मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने की भी मांग की है.
सोशल मीडिया के नाम पर घूमते हैं कई युवक
अस्पताल में कई ऐसे लोग हैं जो अपने को सोशल मीडिया का कर्मी बताकर अस्पताल में घूमते रहते हैं. यहां तक कि कार्यालयों में भी घुस जाते हैं. यहां तक कि जहां महिला कर्मी रहते हैं. वहां भी मीडियाकर्मी होने का हवाला देकर कुछ लोग घूसकर घंटों बैठे रहते हैं. जिससे यहां आये दिन कुछ न कुछ घटनाएं घट रही है. अस्पतालकर्मियों ने ऐसे लोगों को कार्यालयों व जहां महिलाकर्मी रहते हैं. वहां प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है.
