गुमला

चैनपुर : जानलेवा हमले में घायल जगतपाल रौतिया की RIMS में मौत

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर : चैनपुर थाना क्षेत्र के बेंदोरा पंचायत स्थित बसाईर टोली गांव में मंगलवार रात घर में घुसकर दंपती पर किए गए जानलेवा हमले में घायल जगतपाल रौतिया (35) की मंगलवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई. जगतपाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जाता है कि घटना के बाद गंभीर रूप से घायल जगतपाल रौतिया और उनकी पत्नी अनीता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया था. रिम्स में इलाज के दौरान जगतपाल ने आज दम तोड़ दिया. उनकी पत्नी अनीता देवी का इलाज जारी है.

हमले के बाद से दहशत में परिवार

परिजनों के अनुसार, दंपती अपने बीमार बच्चे को देखने के लिए घर पहुंचे थे. इसी दौरान दो हथियारबंद युवक घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि एक युवक के हाथ में चाकू था, जबकि दूसरे के पास कथित तौर पर देसी कट्टा था. हमलावरों ने जगतपाल और उनकी पत्नी पर चाकू से कई वार किए और घटना के बाद फरार हो गए. घटना के दौरान मौजूद सीता देवी जान बचाकर पड़ोस के शौचालय में छिप गई थीं. घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया था. पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

शव के अंतिम संस्कार के लिए जनप्रतिनिधियों ने की मदद

रिम्स में इलाज के दौरान जगतपाल की मौत के बाद परिजन शव लेकर चैनपुर बस स्टैंड पहुंचे. अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक परेशानी होने पर परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई. परिजनों की परेशानी को देखते हुए बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार तथा चैनपुर मुखिया शोभा देवी ने आर्थिक सहयोग किया. सहयोग मिलने के बाद शव को बस स्टैंड से उनके घर तक पहुंचाया गया.

जगतपाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं पुलिस मामले के कारणों समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *