गुमला

शांतिपूर्ण माहौल में कदाचारमुक्त संपन्न हुई जेपीएससी परीक्षा

झारखंड लोक सेवा आयोग रांची द्वारा रविवार को गुमला के 12 सेंटरों में संयुक्त सिविल सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (जेपीएससी-2025) शांतिपूर्ण माहौल में कदाचारमुक्त संपन्न हुई. परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई. प्रथम पाली में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 03:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक परीक्षा हुई. परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गयी थी. परीक्षा के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा.

सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गयी थी. ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की संभावना को रोका जा सके. परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी ली गयी. इसके पश्चात उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया. वहीं परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया.

उपायुक्त ने परीक्षा के लिए निर्धारित कार्तिक उरांव कॉलेज, गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज, संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय, उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय, संत पात्रिक उच्च विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय, डीसीएम एसओई (एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय), एसएस बालिका उच्च विद्यालय, लूथेरान उच्च विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय तथा राजकीय उच्च विद्यालय करंजटोली परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उपायुक्त ने सभी केंद्रा अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रवेश द्वार पर जांच की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण में अपर समाहत्ता शशिंद्र कुमार बडाईक, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां सहित अन्य शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *