कार्तिक नगर में धूमधाम से मनी बाबा कार्तिक उरांव की 102वीं जयंती, आदिवासी जतरा में झूमे लोग
सिसई प्रखंड के कार्तिक नगर में मंगलवार को अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के तत्वावधान में धरती आबा स्व. बाबा कार्तिक उरांव की 102वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई. इस अवसर पर भव्य आदिवासी जतरा का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई गांवों से पहुंचे खोड़ाहा दलों ने पारंपरिक आदिवासी गीत और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल परिसर में स्थापित बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया.
मुख्य अतिथि भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी निशा उरांव ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन आदिवासी समाज की शिक्षा, अधिकार, पहचान और स्वाभिमान के लिए संघर्ष करते हुए बिताया. आज युवा पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों को अपनाकर समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने सरना धर्म पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का उपासक है और चाला आयो तथा धर्मेश की पूजा करता है.
निशा उरांव ने धर्मांतरण के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए इसे आदिवासी समाज की जड़ों और पहचान के लिए चुनौती बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. निशा भगत मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने उसकी मौत को हत्या बताया और कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने राष्ट्रपति को की गई शिकायत का भी उल्लेख किया और आदिवासी समाज से अपनी पहचान, परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज एक पेड़ की तरह है, जिसे उसकी जमीन से अलग कर गमले में लगाने का प्रयास किया जा रहा है. समाज को अपनी जड़ों को बचाकर रखना होगा.
जिला परिषद अध्यक्ष किरण बाड़ा ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने आदिवासी समाज को संगठित कर उसके हक और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की. उनकी जयंती समाज को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है. आजसू नेता देवशरण भगत ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव जैसे महापुरुषों के योगदान से आदिवासी समाज को अपनी पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता मिली. उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं. कार्यक्रम को गीता श्री उरांव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया.
मौके पर प्रखंड प्रमुख मीणा देवी, जिला परिषद सदस्य विजय लक्ष्मी कुमारी, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन लोहरा उरांव, सचिव सचिदानंद उरांव, लोहरमाईन उरांव, संजय वर्मा, कार्तिकेश्वर मिश्रा, रामनिवास भगत, सुमेस उरांव, सुखदेव उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
