गुमला

सुई लगते ही बेहोश हुए झामुमो नेता के छोटे भाई, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

गुमला जिले के सिसई प्रखंड स्थित नगर जामपानी गांव में रविवार को सुई लगने के बाद झामुमो नेता जगदीश साहू के छोटे भाई शिव साहू की मौत हो गई. परिजनों ने गांव के कथित झोलाछाप डॉक्टर जितेंद्र मुंडा पर गलत तरीके से सुई देने का आरोप लगाया है. घटना के बाद साहू समाज के लोगों में आक्रोश है. मामले को लेकर सिसई थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है.

बताया गया कि शिव साहू रविवार की देर शाम अपने स्टाफ तेजू लोहरा को सुई दिलाने नगर जामपानी स्थित डॉ. जितेंद्र मुंडा के पास गये थे. डॉक्टर ने तेजू लोहरा को कमर में सुई दी. इसी दौरान शिव साहू ने शरीर में कभी-कभी खुजली होने की शिकायत बताई. आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने शिव के हाथ की नस में सुई लगा दी. सुई लगते ही कुछ सेकंड में शिव बेहोश होकर गिर पड़े और उन्हें होश नहीं आया.

इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसई रेफर कर दिया. स्थिति में सुधार नहीं होने पर सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया. हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही शिव साहू की मौत हो गई. रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे शव को सदर अस्पताल गुमला लाया गया. मौत की खबर मिलते ही परिजन और समाज के लोग अस्पताल पहुंच गये. परिजनों के रोने-बिलखने से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया, वहीं, घटना को लेकर लोगों में डॉक्टर के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

जेएमएम नेता जगदीश साहू ने आरोप लगाया कि उनका छोटा भाई स्वस्थ था और डॉक्टर ने गलत तरीके से सुई देकर उसकी जान ले ली. उन्होंने सिसई थाना में आवेदन देकर मामले की जांच कराने और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की है. इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है. शिव साहू की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. सोमवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *