वन्य आश्रयणी क्षेत्र के विकास मद में कुंडली मार कर बैठे हैं अधिकारी : मंगल सिंह भोगता
भाजपा किसान मोर्चा के नेता सह मंडल भाजपा के प्रभारी मंगल सिंह भोगता ने कहा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को लक्षित कर विकास योजना बनता है. योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसके लिए एक-एक व्यक्ति को जानकारी रखने की जरूरत है. यह वन्य आश्रयणी क्षेत्र हैं और वन्य गांव के विकास के लिए वन विभाग में करोड़ों रुपये आ रहे हैं. सामुदायिक विकास के लिए इको विकास समिति के खाते में मिली राशि में दस वर्षों से अधिकारी कुंडली मारकर बैठे हैं.
विकास योजना को लागू कराने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आंदोलन करने और जांच कराने की आवश्यकता है. रविवार को पालकोट के सोहर साहू विद्या मंदिर सभागार में मंडल भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए श्री भोगता ने उक्त बातें कहीं. उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक में अपेक्षित संख्या नहीं होना संगठन के लिए चिंता का विषय है. लेकिन चिंता छोड़ कर चिंतन करना है और चुनौती के रूप में संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए काम करना है.
इस अवसर पर श्री भोगता ने विद्या मंदिर परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. मंडल भाजपा अध्यक्ष राहुल बड़ाइक ने मुख्य अतिथि मंगल सिंह भोगता को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र में बूथ जीतने की योजना बनाना है. अगली बैठक शक्ति केंद्र में होगा. बैठक में महामंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह, दिलीप साहू, गोपाल साय ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के इतिहास और वर्तमान परिस्थितियों की चर्चा करते हुए देश व धर्म की रक्षा के लिए संगठित होकर काम करने का संकल्प लिया.
