गुमला

चैनपुर में राज बैग पैलेस में लगी भीषण आग, दो दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

गुमला के चैनपुर बाजार टाड़ रोड स्थित राज बैग पैलेस एंड सिंगार दुकान में सोमवार की दोपहर करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गयी. इस अगलगी की घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगी, जिसकी चपेट में आने से दो गुमटी नुमा दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गयी, जबकि एक तीसरी दुकान का हिस्सा भी आंशिक रूप से जल गया. घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी से पानी डाल-डालकर घंटों की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया. आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.

जानकारी के अनुसार दोपहर को राज बैग पैलेस के पीछे स्थित एक पुरानी गुमटी में अचानक आग भड़की, जिसने तुरंत विकराल रूप धारण कर मुख्य दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. दुकान संचालक राजू गुप्ता ने बताया कि इस घटना में उनका लाखों रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया है.

उन्होंने यह भी आशंका जतायी कि कुछ महीने पहले भी उनकी दुकान में आग लगाने की कोशिश की गयी थी, जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने थाने में दर्ज करायी थी. इधर इस घटना को लेकर स्थानीय जनता में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर को अनुमंडल का दर्जा मिले कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक यहां दमकल जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं करायी गयी है. अगर क्षेत्र में अग्निशामक वाहन की व्यवस्था होती, तो आग पर समय रहते काबू पाकर इस बड़े नुकसान को टाला जा सकता था. इससे पहले भी क्षेत्र में कई बड़ी अगलगी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक इससे कोई सबक नहीं लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *