गुमला

गुमला में नाबालिग छात्रा की मौत, मां ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म के बाद जहर देने का आरोप

घाघरा थाना के सलगी भुड़ियाटोली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. मृतका की मां ने अपने बयान में अपनी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) के बाद जहर देकर हत्या किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं, मामले प्रेमी युवक जहर खाने के कारण सदर अस्पताल गुमला में इलाजरत है. पुलिस ने शनिवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और मामले की सघन जांच में जुट गयी है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रांची के पिस्का स्थित पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय टिकराटोली पिस्का में आठवीं कक्षा की छात्रा थी और हाल ही में उसने बोर्ड परीक्षा दी थी. वह बीते रविवार को ही अपने घर आयी थी.

सोमवार की सुबह करीब 9.30 बजे गांव के ही एक युवक मोतीलाल उरांव उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. सोमवार शाम को जब छात्रा घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की. तलाश के बाद, शुक्रवार (29 मई) की शाम करीब सात बजे छात्रा गांव के ही एक व्यक्ति हरिश्चंद्र उरांव के खेत में बने स्टोर रूम के अंदर अचेत और नग्न अवस्था में पायी गयी. परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल गुमला ले गये. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया. रांची ले जाने के क्रम में पिस्का के समीप रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावे

पीड़ित पक्ष मां का आरोप : अस्पताल में दर्ज कराये गये बयान में मृतका की मां ने सीधे तौर पर इस घटना को सुनियोजित हत्या और सामूहिक अनाचार से जोड़ा है. मां का कहना है, जब मेरी बेटी स्टोर रूम में मिली तो उसके शरीर पर कोई भी कपड़े नहीं थे. उसके प्राइवेट अंगों पर चोट व सूजन के निशान थे. हमें पूरा संदेह है कि चार पांच लोगों ने मिलकर मेरी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है और बाद में खुद को बचाने के लिये उसे जबरन कीटनाशक खिलाकर मार डाला है.

युवक पक्ष का दावा : वहीं दूसरी तरफ, युवक मोतीलाल उरांव की मां सीता देवी ने इस घटना पर अलग दावा पेश किया है. उनका कहना है कि दोनों ने नहाने के बाद अपनी मर्जी से जहर खाया था. यही कारण था कि लड़की के शरीर पर कपड़े नहीं थे. फिलहाल युवक का इलाज अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है. युवक ने पुलिस को बताया कि उसने खुद सब्जी में डालने वाली कीटनाशक लेकर स्वयं भी खाया और लड़की को भी खिलाया.

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें

घाघरा थाना की पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त फर्दबयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग, आत्महत्या के उकसावे या फिर ऑनर किलिंग और सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर कोणों के बीच उलझा हुआ है. मृतका का पोस्टमार्टम करा दिया गया है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पायेगा कि मौत की असली वजह क्या थी और क्या मृतका के साथ कोई शारीरिक जबरदस्ती की गयी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *