गुमला

पढ़ाई को बोझ नहीं, अपनी किस्मत बदलने का शक्तिशाली हथियार समझे : बीरबल किसान

नगेसिया किसान समाज जिला समिति गुमला द्वारा सितारा संस्था सभागार सिसई रोड गुमला में रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि हाईस्कूल पालकोट के शिक्षक बीरबल किसान एवं विशिष्ट अतिथि जेई मुनेश्वर नगेसिया सहित समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. मौके पर अतिथियों ने मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगेसिया समाज के इंटर टॉपर छात्र उपेंद्र नगेसिया, कलावती कुमारी, मनीष किसान एवं मैट्रिक टॉपर छात्र कंसदेव किसान, रूपा कुमारी व मीना कुमारी को सम्मानित किया. मौके पर मुख्य अतिथि शिक्षक बीरबल किसान ने कहा कि छात्र जीवन में सफलता पाने का सबसे बड़ा मंत्र कड़ी मेहनत, निरंतरता और खुद पर अटूट विश्वास है.

उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि जब आपको पढ़ने में मन नहीं लगे तो अपने भविष्य की उस खुबसूरत तस्वीर को याद करें, जो आपकी सफलता से जुड़ी है. इसलिए पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि अपनी किस्मत बदलने का सबसे शक्तिशाली हथियार समझे. उन्होंने कहा कि डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा कि था कि सपने वो नहीं होते, जो हम सोते वक्त देखते हैं. सपने वो होते हैं, जो हमें सोने नहीं देते. विशिष्ट अतिथि जेई मुनेश्वर नगेसिया ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई से कभी भागना नहीं चाहिये. शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो जीतना पियेगा उतना दहाड़ेगा. यदि शिक्षा को आप बोझ समझ कर छोड़ देते हैं, तो आप समाज के विकास की धारा से जुड़ने की जगह सैकड़ों साल पीछे चले जायेंगे.

इससे पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नगेसिया ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम में जिला महासचिव बीएन नगेसिया, संयोजक गोडविन सत्येंद्र किसान, सिमडेगा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत किसान, समाजसेवी कमल किशोर किसान, चंद्रशेखर बैगा, कमले नगेसिया, कलेश्वर, दिनेश, शंकर, भीम, मंगलेश्वर, कार्तिक, बसंत, दुर्गा, नंदलाल, राजू, दीपलाल, सुचिता, शकुंतला, नितिश, अनिषा, निशा सहित काफी संख्या में समाज के लोग शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *