नेतरहाट घाटी में 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 7 लोग घायल, दो बच्चों की हालत गंभीर
बिशुनपुर (गुमला): झारखंड के नेतरहाट घाटी में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. मिलिट्री मोड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी. कार में सात लोग सवार थे. हादसे में सभी घायल हो गए. इनमें दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं. इतनी गहरी खाई में गिरने के बावजूद सभी की जान बच गई.
जानकारी के मुताबिक, नेतरहाट स्थित जंगल वार फेयर स्कूल में काम करने वाले कुछ कर्मचारी अपने परिवार के साथ इग्निस कार से गुमला के लक्ष्मण नगर जा रहे थे. उन्हें वहां एक शादी समारोह में शामिल होना था. इसी दौरान मिलिट्री मोड़ के पास चालक ने कार से संतुलन खो दिया. देखते ही देखते कार सड़क से नीचे करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और कैंप के कर्मचारी
हादसे के बाद घायलों ने अपने कैंप और गुरदरी थाना को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही कैंप के कर्मचारी और थाना प्रभारी प्रकाश तिर्की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया.
दो बच्चों को गंभीर चोट, सभी रांची रेफर
डॉक्टरों के मुताबिक, कार्तिक कुमार (13 वर्ष) और निखिल कुमार (11 वर्ष) को गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
कार में सवार थे ये सात लोग
हादसे में घायल लोगों में राजकुमार राम (40 वर्ष), उनकी पत्नी निशा रवि (40 वर्ष) और बेटी अपूर्वा राज (7 वर्ष) शामिल हैं. ये सभी गुमला के लक्ष्मण नगर के रहने वाले हैं. इनके अलावा चंदन कनौजिया (40 वर्ष), उनकी पत्नी नीतू देवी (36 वर्ष), कार्तिक कुमार (13 वर्ष) और निखिल कुमार (11 वर्ष) भी कार में सवार थे. ये सभी रांची के नामकुम स्थित जोरार के निवासी हैं.
