गुमला

पालु खड़िया हत्याकांड : ओझा-गुणी करने वाले भगत के कहने पर हुई थी हत्या, पुलिस ने विश्वा भगत को भेजा जेल

गुमला सदर थाना के कोटेंगसेरा गांव में हुए चर्चित पालु खड़िया हत्याकांड की जांच के दौरान गिरफ्तार किये गये ओझागुणी करने वाले विश्वा भगत को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. मामले की जांच में जुटी पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया. जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया. बताया जाता है कि बसुआ गांव निवासी विश्वा भगत को पुलिस ने मुख्य आरोपी बहुरा उरांव से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर हिरासत में लिया था.

जांच के दौरान यह बात सामने आयी थी कि हत्या की घटना से पहले बहुरा उरांव विश्वा भगत के संपर्क में था. पुलिस को संदेह है कि अंधविश्वास और डायन-बिसाही से जुड़े आरोपों ने इस हत्याकांड को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लेकर विश्वा भगत से कई बिंदुओं पर पूछताछ की गयी. जांच टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले आरोपी और विश्वा भगत के बीच क्या बातचीत हुई थी.

हत्या के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं. हालांकि पुलिस ने पूछताछ से जुड़े तथ्यों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. गौरतलब है कि कोटेंगसेरा गांव निवासी 65 वर्षीय पालु खड़िया की हत्या कथित तौर पर डायन-बिसाही के संदेह में कर दी गयी थी. मामले का मुख्य आरोपी बहुरा उरांव पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है. बाद में पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की. जिसके बाद जांच की दिशा बदल गयी और कई नये तथ्य सामने आये. इधर, विश्वा भगत के जेल भेजे जाने के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *