गुमला

गुमला में मुहर्रम को लेकर थाना में शांति समिति की बैठक

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अंजुमन के पदाधिकारियों ने भाग लिया. एसडीओ ने कहा कि गुमला की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है. सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्व-त्योहार मनाते हैं. उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखना प्रशासन की प्राथमिकता है.

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निकलने वाले मुहर्रम जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं. सीओ हरीश कुमार ने कहा है कि सभी अखाड़ा समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. उन्होंने कहा कि पर्व की गरिमा और परंपरा को बनाए रखते हुए आयोजन किया जाये. किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समिति के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर उसका समाधान करेंगे. थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप डीजे के प्रयोग पर सख्ती से रोक रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान डीजे नहीं बजाया जायेगा.

बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, टोटो थाना प्रभारी कुंदन कुमार, एसआइ गौतम वर्मा, कुंदन चौधरी, संजीवन उरांव, धीरज कुमार, अंजुमन सदर के मो मुशाहिद आजमी, सचिव मो मकसूद, चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी, निर्मल गोयल, अकील रहमान, दामोदर कसेरा, बदरी गुलशन, जयराम इंदवार, लखन राम, नेहा लकड़ा, विजेता मिंज सहित कई लोग थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *