Ramnavami 2026 : हनुमान जन्मस्थली गुमला में रामधुन पर नाचे भक्त, नारी शक्ति का प्रदर्शन
Ramnavami 2026 : श्रीराम भक्त हनुमान की जन्मस्थली गुमला जिले में रामनवमी की धूम रही. शहर में भव्य जुलूस निकाला गया. एक लाख से भी अधिक लोग भाग लिये. 32 अखाड़ा जुलूस में शामिल हुए. वहीं 14 अखाड़ा द्वारा आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गयी. रामधुन पर भक्त जमकर नाचे. पूरा शहर भक्ति के सागर में गोते लगा रहा था. दोपहर तक जहां तेज धूप थी. वहीं छह बजे अचानक मौसम ने करवट बदला. तेज आंधी व बारिश शुरू हो गयी. इसके बाद भी भक्त पूरे उत्साह में जुलूस में शामिल रहे.
गुमला में नारी शक्ति का प्रदर्शन
रामनवमी पर्व पर नारी शक्ति का प्रदर्शन हुआ. यह इतिहास बन गया. कई समूहों में लड़कियां व युवतियां जुलूस में शामिल हुई. उत्साह चरम पर था. महिलाएं पूरी तरह राममय नजर आयी. युवतियां भी पूरे जोश में थी. किसी के हाथ में तलवार तो किसी के हाथ में बलुवा और लाठी. हर रोड में महिलाएं व युवतियां श्रीराम का नारा लगाते नजर आ रही थी. महिलाएं सड़कों पर उतर तलवार भांजने लगी. कोई झांसी की रानी के वेश में ढाल व तलवार लेकर जुलूस में नजर आयी तो कोई लाठी भांजकर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया.
नक्सली डर खत्म, भक्त बेखौफ पहुंचे आंजनधाम
गुमला से 21 किमी दूर पहाड़ व जंगलों के बीच स्थित आंजनधाम शुक्रवार को रामभक्तों से पटा हुआ था. यह इलाका पूरी तरह घोर उग्रवाद प्रभावित है. तेज धूप थी. धूप से कंठ सूख रहे थे. फिर भी लोगों में उत्साह था. हनुमान की जन्मस्थली आंजनधाम जयश्री राम व बजरंग बली के नारों से गूंज उठा. आंजनधाम में 10 हजार से अधिक भक्तों ने माथा टेका. सुख शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की. वहीं आंजनधाम में तीन दिवसीय मेला का भी शुभारंभ हुआ. जिसमें दर्जनों गांव के लोग भाग लिये.
