गवाही दी तो अंजाम भुगतोगी! दुष्कर्म पीड़िता को धमकी, डीजीपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
गुमला जिले की एक दुष्कर्म पीड़िता को कोर्ट में गवाही नहीं देने और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने इस संबंध में डीजीपी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजकर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वर्ष 2019 में जब वह दसवीं कक्षा की छात्रा थी. उस समय सिसई प्रखंड के सहिजाना निवासी कार्तिक उरांव ने उसके साथ दुष्कर्म किया था.
इस मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है और उसकी गवाही भी हो रही है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपित द्वारा लगातार उस पर कोर्ट में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया जा रहा है. गवाही देने पर उसे इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की धमकी दी जा रही है. साथ ही उसके ससुराल जाकर भी उसे बदनाम करने की बात कही जा रही है. पीड़िता ने आरोपित से खतरा बताते हुए डीजीपी से सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगायी है.
