गुमला

Video : टेंडर हुआ, लेकिन सड़क अब तक अधूरी; अस्पताल पहुंचना मुश्किल

Video : टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों व परिजनों को सड़क समस्या का दंश झेलना पड़ रहा है. पालकोट प्रखंड मुख्यालय में बसिया रोड स्थित गांधी नगर बस्ती की चट्टान में नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है. लेकिन स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए सड़क की समस्या है. स्वास्थ्य केंद्र बना तो वहां तक पहुंचने के लिए सड़क पर मिट्टी-मोरम डाला गया. जिससे आवागमन कुछ सुविधाजनक हुआ. गत दिनों उपायुक्त गुमला द्वारा स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया था. उस समय सड़क की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त द्वारा सड़क बनाने का निर्देश दिया गया था. जिसके आलोक में विशेष प्रमंडल गुमला द्वारा टेंडर की सभी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. लेकिन टेंडर लेने वाले संवेदक द्वारा अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू तक नहीं किया गया है.

इधर, बारिश होने के बाद मिट्टी-मोरम वाली सड़क बह गयी. जगह-जगह पर सड़क पर गिरायी गयी मिट्टी-मोरम बह गयी. जिससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों व परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. गुरुवार को पेटसेरा गांव से अस्पताल पहुंचे बुजूर्ग लक्ष्मीनाथ बड़ाईक ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण उन्हें अपनी लूना टीवीएस को अस्पताल से काफी पहले किनारे पर खड़ा करने के बाद अस्पताल जाना पड़ा. उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि सिरियस मरीज सड़क पर ही दम तोड़ दे. इसके साथ ही कटिंबा, खड़पानी, कोडेकेरा, झिकिरिमा सहित कई गांवों से लोग अस्पताल पहुंचे थे. जिन्हें खराब सड़क के कारण वाहन अनियंत्रित होने के भय से अपनी बाइक या अन्य वाहन को बसिया रोड अथवा विद्युत पावर सबस्टेशन में खड़ा करना पड़ा.

इस संबंध में संबंधित संवेदक शैबू साहू से बात करने पर उन्होंने बताया कि साइज पत्थर नहीं मिलने के कारण अब तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है. उन्होंने कहा कि साइज पत्थर मिलते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *