खेलो इंडिया में चयनित हुईं चैनपुर की रोश एक्का
चैनपुर: चैनपुर प्रखण्ड के लूथरन उच्च विद्यालय चैनपुर की आठवीं कक्षा की छात्रा रोश एक्का ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. रोश एक्का का चयन प्रतिष्ठित खेलो इंडिया गेम्स के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है. उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे प्रखण्ड और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. छात्रा की इस सफलता पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी खुशी जाहिर की है. चैनपुर के अंचल अधिकारी श्री दिनेश प्रसाद गुप्ता एवं जिला परिषद सदस्य श्रीमती मेरी लकड़ा ने संयुक्त रूप से होनहार छात्रा रोश एक्का को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कलम भेंट कर सम्मानित किया.
इस अवसर पर अंचल अधिकारी श्री दिनेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही अवसर की जरूरत है. रोश एक्का ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायी है. वहीं, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने कहा कि खेल के मैदान में बेटियों का आगे बढ़ना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि रोश राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाएगी.
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी रोश एक्का को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं.
