रांची स्टेशन में कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा देकर रिटायर्ड रक्षा मंत्रालय के कर्मी के खाते से 77 हजार की निकासी
रिटायर्ड रक्षा मंत्रालय के कर्मी सुनील बाखला को कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा पिलाकर बेहोश करने और उनके दो बैंक खातों से 77 हजार रुपये की निकासी करने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने इस संबंध में गुमला सदर थाना पहुंचकर शिकायत किये. लेकिन घटना रांची जिले में होने के कारण उन्हें संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गयी. जानकारी के अनुसार, गुमला निवासी सुनील बाखला किसी निजी कार्य से रांची गये थे.
उन्होंने बताया कि रांची के खड़गड़ा स्टेशन से ऑटो के माध्यम से आइटीआइ स्टेशन पहुंचे थे. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिला और बातचीत शुरू की. जब सुनील ने खुद को गुमला निवासी बताया तो उस व्यक्ति ने भी खुद को गुमला के करमटोली का रहने वाला बताकर विश्वास जीत लिया. कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक पीने का प्रस्ताव रखा. दोनों ने सहमति जतायी. जिसके बाद वह दो बोतल स्लाइस लेकर आया. एक बोतल उसने स्वयं पी और दूसरी सुनील बाखला को दे दी. आरोप है कि उसी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया गया था. कोल्ड ड्रिंक पीते ही सुनील बेहोश हो गये.
पीड़ित के अनुसार, बेहोशी की हालत में ही वह किसी तरह बस से गुमला लौटकर अपने घर पहुंच गया. घर पहुंचने के बाद जब उन्हें पूरी तरह होश आया तो उन्होंने पाया कि उनका पर्स गायब है. पर्स में बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे. अगले दिन उनके मोबाइल पर खाते से राशि निकासी के संदेश आने लगे. इसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर जानकारी ली. जहां पता चला कि दोनों खातों से 77 हजार रुपये निकाल लिए गये हैं. बैंक से मिली जानकारी के अनुसार यह निकासी रांची के डोरंडा स्थित एटीएम से की गयी है. पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और निकाली गयी राशि वापस दिलाने की मांग की है.
