युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या या हादसा? जांच शुरू
गुमला के सदर थाना के चंदाली स्थित इंद मेला मैदान के समीप एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान हरसीत उरांव के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड फौजी का बेटा बताया जा रहा है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस पूरे मामले को लेकर सतर्क नजर आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के आसपास खून के निशान मिलने से हत्या की आशंका जतायी जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मृतक के घर भी पहुंची थी. लेकिन परिजनों ने युवक के बीमार होने तथा रांची में इलाज चलने की बात कहकर पुलिस को लौटा दिया.
बताया जाता है कि मृतक का परिवार मूल रूप से लोहरदगा जिले का रहने वाला है और हाल के दिनों में चंदाली में नया घर बनाकर रह रहा था. इधर इलाके में यह चर्चा भी है कि युवक के साथ उसके सगे भाई ने मारपीट की थी. जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि हरसीत नशे का आदी था और उसे इलाज के लिए रांची स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र ले जाया गया था. जहां इंजेक्शन दिए जाने के बाद उसकी मौत हो गयी. हालांकि अब तक पुलिस की ओर से हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.
मामले को और उलझाने वाली बात यह है कि युवक का शव घर नहीं लाया गया और कथित तौर पर कहीं अन्यत्र अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है. फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए तथ्यों को खंगालने में जुटी है.
