गुमला

Video : सड़क, नाली और गंदगी से नाराज सिसई के लोग, बंद रहीं दुकानें, धरना देकर जताया आक्रोश

Video : नेशनल हाईवे की जर्जर हालत, जाम नालियां, जगह-जगह फैली गंदगी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान सिसई प्रखंड मुख्यालय के लोगों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा. सिसई बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है. धरने में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि नेशनल हाईवे की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जलजमाव और गंदगी फैल रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

समाज सेवी संजय वर्मा ने कहा है कि सिसई प्रखंड की दुकानें भी बंद रही. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सिसई मुख्यालय की सबसे बड़ी समस्या महुआडीपा से रेड़वा तक नेशनल हाइवे सड़क का जर्जर होना है. विगत कई वर्षों से सड़क पर गड्ढे हैं. बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. आये दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही है. कई बार शिकायतों और आश्वासनों के बावजूद आज तक स्थायी मरम्मत नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है. शहरी क्षेत्र में नालियों का निर्माण नहीं होने और नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है. मुख्य सड़क और मदरसा रोड पर कचरे के ढेर तथा बजबजाती नालियां प्रशासन की उदासीनता की कहानी बयां कर रही है.

धरना प्रदर्शनी के माध्यम से शासन-प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है. तय समय के अंदर समस्या दूर नहीं हुई तो राष्ट्रीय राजमार्ग को महुआडीपा के समीप अनिश्चिकाल के लिए ठप करने की चेतावनी दी गयी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *