गुमला

पैसों के लिए मां की हत्या, टांगी-हसुआ से सिर और गर्दन पर किया वार; आरोपी बेटा गिरफ्तार

गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर एक बेटे ने अपनी 70 वर्षीय मां की टांगी और हसुआ से वार कर हत्या कर दी. मृतका की पहचान तेतरी देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आरोपी पुत्र परदेसिया महतो अपनी मां से पैसे मांग रहा था. पैसे नहीं देने पर उसने घर में रखी टांगी से मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गिर पड़ी. इसके बाद उसने हसुआ से गर्दन पर वार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही तेतरी देवी की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र परदेसिया महतो को गिरफ्तार कर लिया.

मां की हत्या के बाद शव खेत में फेंका

मां की हत्या के बाद आरोपी पुत्र ने वारदात छिपाने के लिए शव को घर से बाहर निकालकर बगल के खेत में फेंक दिया. इसके बाद घर में लगे खून के धब्बों को गोबर और पानी से साफ कर दिया तथा हत्या में प्रयुक्त टांगी और हसुआ को भी पानी से धो दिया।. कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेत में तेतरी देवी का खून से लथपथ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी पुत्र परदेसिया महतो को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है. वहीं पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *