गुमला

गुमला : शराब के नशे में स्टंट पड़ा भारी, पुल के नीचे गिरी तेज रफ्तार बाइक, दो की मौत

गुमला से 13 किमी दूर खरका गांव से होकर बहने वाली बाकी नदी पुल के समीप मंगलवार को दिन के 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीन युवक तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने के कारण पुल के नीचे जा गिरे. इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

स्थानीय खरका निवासी प्रकाश तिवारी ने बताया कि बाइक की गति बेहद तेज थी. जिसके कारण चालक अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे पुल के नीचे जा गिरी. घटना के बाद आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर तीनों को सदर अस्पताल गुमला भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया और घायल का इलाज जारी है. मृतकों की पहचान 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 30 वर्षीय चरकु उरांव के रूप में हुई है. जबकि 25 वर्षीय सूरज उरांव इस हादसे में घायल हुआ है. ये तीनों घाघरा प्रखंड के बड़काडीह गांव के रहने वाले हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही टोटो थाना के एसआइ गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. घायल सूरज उरांव ने बताया कि चरकु गाजीपुर के ईंट भट्ठे में काम करता था और उसका पैसा आने की खुशी में तीनों ने हड़िया-दारू का सेवन किया था. इसके बाद वे खरका डेली मार्केट से मछली खरीदने जा रहे थे. बाइक चला रहे मंगरा उरांव ने अचानक गाड़ी का अगला चक्का उठा दिया. जिसे देख पीछे बैठा सूरज कूद गया और अपनी जान बचा ली. लेकिन अनियंत्रित मोटरसाइकिल झाड़ियों से टकराते हुए पुल के नीचे जा गिरी.

चरकु ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मंगरा को अस्पताल में मृत घोषित किया गया. मंगरा त्रिपुरा के ईंट भट्ठे में काम करता था और दोनों हाल ही में अपने घर लौटे थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *