खेल

संत इग्नासियुस स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता, छह-डी बनी क्रिकेट चैंपियन, वॉलीबॉल में हॉस्टल टीम का जलवा

Gumla Sports : अपनी उत्कृष्ट शिक्षा और खेल परंपरा के लिये विख्यात संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय गुमला में शनिवार को विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ. विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इन स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया. विद्यालय में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिये आयोजित संत इग्नासियुस प्रीमियम लीग का फाइनल मुकाबला कक्षा छह डी और नौ बी के बीच खेला गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी छह डी की टीम ने निर्धारित ओवरों में 91 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौ बी की टीम छह डी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और आठ ओवरों में सात विकेट खोकर महज 51 रन ही बना पायी. इस तरह छह डी की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया. छह डी के अनुरंजन टोप्पो को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. वहीं दूसरी ओर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हॉस्टल व अपोस्तोलिक की टीमों के बीच मुकाबला हुआ. रोमांचक मैच में हॉस्टल टीम ने बेहतरीन समन्वय दिखाते हुए अपोस्तोलिक टीम को पराजित किया और चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.

स्कूल के एचएम फादर मनोहर खोया ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अनिवार्य है. एक सप्ताह तक चले इस खेल उत्सव ने विद्यार्थियों के बीच टीम भावना और अनुशासन को बढ़ावा दिया. इस दौरान विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे. जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *