राजनीति

सुदर्शन भगत ने कहा- कार्यकर्ता ईमानदारी पूर्वक अपने बूथ को सशक्त करें

भारतीय जनता पार्टी गुमला जिला के तत्वावधान में गुमला विधानसभा के सभी नवनियुक्त बीएलए-2 के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी कार्यालय डुमरडीह में हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने की. कार्यक्रम में सभी नवनियुक्त बीएलए को प्रदेश में चल रहे एसआइआर के संबंध में जानकारी प्रदान की गयी. साथ ही सभी मतदाताओं का मैपिंग करने के लिए प्रेरित किया गया. मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ में नि:स्वार्थभाव से मेहनत करें. आज की गयी मेहनत का लाभ हमें आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा. श्री भगत ने कहा कि असम, बिहार, बंगाल आदि राज्यों की चर्चा करते हुए कहा कि उन राज्यों में भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं के इसी मेहनत का परिणाम है.

उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता ईमानदारी पूर्वक अपने बूथ को सशक्त करें, ताकि 2029 में झारखंड के अंदर भाजपा के नेतृत्व में सरकार बन सके. पूर्व जिलाध्यक्ष सविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गुमला विधानसभा को दो भागों में बांटकर सभी बीएलए को प्रशिक्षण दिया गया है. पहला भाग में चैनपुर, डुमरी, जारी के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया. इसके उपरांत दूसरा भाग गुमला में गुमला नगर, गुमला ग्रामीण व रायडीह मंडल के कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण दिया गया है. इससे पूर्व प्रशिक्षक लातेहार जिला के पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने सभी बीएलए व कार्यकर्ताओं को एसआईआर अंतर्गत मतदाताओं के मैपिंग से संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा की. उन्होंने कहा कि सभी बूथ लेवल एजेंट अपने-अपने बूथ में प्रयास करें कि अपनी पार्टी के मतदाताओं का नाम हर हाल में मैपिंग करा लें. उन्होंने प्रत्येक बूथ में नियुक्त सरकारी बीएलओ से तालमेल बैठा कर शत प्रतिशत मैपिंग करा लेने पर बल दिया.

इस अवसर पर प्रशिक्षण का संचालन महामंत्री संदीप प्रसाद एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष गजाधर सिंह ने किया. मौके पर मुनेश्वर साहू, कमलेश उरांव, विनय कुमार लाल, निर्मल गोयल, सत्यनारायण पटेल, शैल मिश्रा, बबलू वर्मा, विकास कुमार सिंह, कर्मपाल सिंह, प्राण गोविंद दत्ता, जयंत प्रसाद, सावित्री देवी, सिकंदर सिंह, शंभू सिंह, विजयशंकर दास, किशोर मिश्रा, रवींद्रनाथ साहू सहित तीनों मंडल के बीएलए-2 उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *