गुमला

खोरा पतराटोली में ब्राउन शुगर का खेल बेनकाब, 6 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

गुमला शहर और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ गुमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में बुधवार की देर रात पुलिस ने खोरा पतराटोली स्थित एक घर में छापेमारी कर छह ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गुरुवार सुबह न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिलाफारी निवासी सचिन साहू और खोरा पतराटोली निवासी एतवा उरांव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, खोरा पतराटोली स्थित एक घर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर घर में छापेमारी की, जहां दोनों युवकों को छह ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया.

चोरी के मामले में पहले जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सचिन साहू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसके नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की जानकारी पुलिस के सामने आई. पुलिस ने यह भी बताया कि सचिन साहू एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में फरार अभियुक्त था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसके पीछे नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाला नेटवर्क कौन है. बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा छह ग्राम बताई गई है. दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *