गुमला

गुमला : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से पलटे टुकटुक से भिड़ी बाइक, दो की मौत

गुमला थाना क्षेत्र के अंबावा सुरसुरिया मोड़ के पास रविवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी. एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पहले एक टुकटुक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया. इसी दौरान गिंडरा महुआटोली गांव से बाइक पर सवार होकर आ रहे रोहित मुंडा और सुधर मुंडा की बाइक दुर्घटनाग्रस्त टुकटुक से जा टकरायी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और टुकटुक के परखच्चे उड़ गये तथा दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण जुट गये. सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे.

घटना के विरोध में सड़क जाम और कार्रवाई की मांग

दो युवकों की मौत से गुस्साये ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण काफी संख्या में सड़क पर जमा होकर क्षेत्र में ट्रैक्टरों के बेलगाम परिचालन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गयी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार और सीओ हरीश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाया.

हादसे को अंजाम देनेवाला ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट का

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर और उसका डाला बिना नंबर प्लेट का है. बिना नंबर वाले वाहनों के जरिए अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जाता है, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके और वाहन की पहचान छिपायी जा सके. ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. आक्रोशित ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर भी अड़े रहे. ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक तथा मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *