खेल

अंडर-19 वीमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता : गुमला ने सिमडेगा को 36 रनों से हराया

गुमला के शहीद तेलंगा खड़िया क्रिकेट स्टेडियम में जेएससीए द्वारा आयोजित इंटर डिस्टिक अंडर-19 वीमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को गुमला ने सिमडेगा को 36 रनों से पराजित किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुमला की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाये. गुमला की ओर से सुप्रिया रानी ने 42 गेंदों में 46 रन, सीमा कुमारी ने 24 गेंदों में 26 रन व पारुल मिश्रा ने 23 गेंदों में 21 रन बनाये. सिमडेगा की ओर से सोनल, ईशा और माही ने 1-1 विकेट हासिल किये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम 16.3 ओवर में 99 रन पर सिमट गयी.

सिमडेगा की माही अनाया ने 21 गेंदों में 33 रन और डॉली ने 33 गेंदों में 28 रन बनाये. लेकिन अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके. गुमला की ओर से गेंदबाजी में सुप्रिया रानी ने चार ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट झटके. इसके अलावा बिंदेश्वरी, स्वेता और मेघा ने 1-1 विकेट लिया. शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सुप्रिया रानी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

खूंटी ने पलामू को 154 रनों से हराया

दूसरे मैच में खूंटी ने पलामू को 154 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खूंटी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 206 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जिसमें काशिश ने 73 गेंदों में नाबाद 118 रन बनाये. जबकि दिव्या कुमारी ने भी 23 गेंदों में 40 रन का योगदान दिया. पलामू की ओर से अनामिका ने 2 विकेट हासिल किये. जबकि रहनुमा और अर्पणा को 1-1 विकेट मिला. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू की टीम 14 ओवर में 52 रन पर ही सिमट गयी. टीम की ओर से अनामिका तिवारी ने 16 रन बनाये. लेकिन अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके. खूंटी की ओर से साक्षी कुमारी व दिव्या कुमारी ने 3-3 विकेट हासिल किये. जबकि रिया कुमारी ने 2 विकेट मिला. काशिश को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *