गुमला

सिसई : प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत! 19 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार

गुमला स्थित सिसई थाना के थाना रोड में शुक्रवार की देर रात किशुन उरांव की 19 वर्षीय पुत्री ज्योति उरांव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है. थाना में केस दर्ज भी कर लिया गया है. पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. ज्योति उरांव की आत्महत्या की घटना की जानकारी शनिवार की सुबह उस समय हुई. जब मृतका की मां शौच के लिये घर के पीछे स्थित खेत की ओर जा रही थीं. इसी दौरान उन्होंने ज्योति को घर के पास ही एक कटहल के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा. मां के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे नीचे उतारा. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे. रात करीब 11 बजे घर लौटने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गये. परिजनों के अनुसार, उस समय ज्योति बिल्कुल सामान्य स्थिति में लग रही थी. देर रात वह कब चुपचाप घर से बाहर निकली और आत्महत्या की. इसकी भनक परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं लग पायी.

प्रेम प्रसंग का मामला है

घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना के एएसआइ विवेक कुमार शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस द्वारा की गयी शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि ज्योति का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित युवक को थाने बुलाकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.

आत्महत्या मामला में प्रेमी पर केस दर्ज

ज्योति उरांव आत्महत्या मामले में एक नया मोड़ आया है. मृतका के पिता किशुन उरांव ने शनिवार को सिसई थाने में ज्योति के प्रेमी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है. दर्ज मामले में भरनो थाना के चितागुटु गांव निवासी समीर मुंडा के पुत्र बुधराम मुंडा को नामजद आरोपी बनाया गया है. मृतका के पिता ने बुधराम मुंडा पर ज्योति को आत्महत्या के लिये उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले की जानकारी देते हुए थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड दर्ज कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बुधराम मुंडा को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल थाने में रखकर उससे पूछताछ की जा रही है, और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में (जेल) भेज दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *